
हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति ने न्यायालय में चल रहे एक मामले में गवाही देने से रोकने के लिए धमकाने, अभद्रता करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए तीन लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शिवलोक कॉलोनी निवासी चंद्रशेखर ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2020 से संबंधित एक मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है, जिसमें देवेंद्र सेमवाल, कुश सेमवाल और मुक्ता सेमवाल आरोपी हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी उन्हें लगातार गवाही देने से रोकने के लिए दबाव बनाने और षड्यंत्र रचने का प्रयास कर रहे हैं।
तहरीर के मुताबिक, 26 मार्च 2026 की शाम करीब 7:45 बजे आरोपियों ने उनके साथ विवाद किया, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इस दौरान उनकी पत्नी के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया और अश्लील इशारे किए गए। उनका कहना है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है, जिसे वह जांच के लिए पुलिस को उपलब्ध कराने को तैयार हैं।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 351(2) और 352 के तहत एफआईआर संख्या 0223 दर्ज कर ली है। रानीपुर कोतवाली के निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि मामले की जांच उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पूर्व में भी दो मामले दर्ज है तीसरा मामला यह दर्ज हुआ है ।




