
बहादराबाद (हरिद्वार)। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, एक्कड़ कलां में आगामी 10 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे आयोजित होने वाले वृहद विधिक जागरूकता शिविर एवं कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) हरिद्वार श्रीमती सिमरनजीत कौर एवं खंड विकास अधिकारी (BDO) बहादराबाद ने विद्यालय परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर सभागार, मंच, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। सचिव सिमरनजीत कौर ने विद्यालय प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि 10 अक्टूबर को आयोजित होने वाले इस वृहद विधिक जागरूकता कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री नरेंद्र दत्त मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं जिलाधिकारी हरिद्वार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार सहित जनपद के कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगे।
सचिव DLSA ने कार्यक्रम के व्यापक उद्देश्य को देखते हुए विधिक साक्षरता एवं जन-जागरूकता का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से आमजन को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता एवं विभिन्न विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।
अधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।
#DLSAHaridwar #LegalAwarenessCamp #Haridwar #Bahadrabad #LegalServices #LegalAwareness #UttarakhandNews #HaridwarNews #SimranjeetKaur #DistrictLegalServicesAuthority




