Download Our App

शमशान रोड पर कूड़ा उठाने के नाम पर अवैध वसूली का आरोप..

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

शमशान रोड पर कूड़ा उठाने के नाम पर अवैध वसूली का आरोप

हर घर से ₹100 से ₹500 लेने का दावा, छह माह से रसीद नहीं देने की शिकायत

हरिद्वार। शमशान रोड के निवासियों ने नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। स्थानीय निवासी महेश कुमार सिंह ने नगर निगम कर्मचारी पालाराम, निवासी कृष्णा गली, बाल्मीकि बस्ती, खड़खड़ी, हरिद्वार के खिलाफ कूड़ा उठाने के नाम पर कथित रूप से अवैध वसूली किए जाने की शिकायत की है। शिकायत में संबंधित वाहन संख्या UK08 CB 7458 का भी उल्लेख किया गया है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि संबंधित कर्मचारी द्वारा कूड़ा गाड़ी में कूड़ा डालने के एवज में अलग-अलग घरों से ₹100 से लेकर ₹500 तक की राशि ली जा रही है। आरोप है कि पिछले करीब छह महीनों से भुगतान की कोई रसीद उपलब्ध नहीं कराई गई। रसीद मांगने पर कथित तौर पर यह कहकर टाल दिया जाता है कि रसीद सुपरवाइजर द्वारा दी जाएगी, लेकिन आज तक रसीद उपलब्ध नहीं कराई गई।

महेश कुमार सिंह का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने रसीद की मांग की तो उनके नौकर को कूड़ा वाहन में कूड़ा डालने से मना कर दिया गया। शिकायत के अनुसार, संबंधित वाहन कई बार घरों के आसपास उचित तरीके से नहीं रुकता और तेजी से आगे निकल जाता है। इसके अलावा, पहले कूड़ा वाहन के आने की सूचना देने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले साउंड सिस्टम का भी कथित रूप से नियमित उपयोग नहीं किया जा रहा है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि कूड़ा समय पर नहीं उठने और कथित मनमानी के कारण उनके घर के आसपास कूड़े का ढेर जमा हो गया है। इससे दुर्गंध फैलने तथा परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की बात भी शिकायत में कही गई है।

महेश कुमार सिंह ने नगर निगम अधिकारियों से मामले की तत्काल जांच कराने, कथित अवैध वसूली की जांच करने, संबंधित कर्मचारी की भूमिका की पड़ताल करने तथा दोष सिद्ध होने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने यह भी मांग की है कि क्षेत्र में नियमित और पारदर्शी कूड़ा संग्रहण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा कूड़ा उठाने के लिए निर्धारित शुल्क लिया जाता है तो उसकी विधिवत रसीद प्रत्येक उपभोक्ता को उपलब्ध कराई जाए।

Leave a Comment