Download Our App

चंदूपुर की दलदली सड़क पर प्रशासन सक्रिय, ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत…

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदूपुर की दलदली सड़क पर प्रशासन सक्रिय, ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत

 

हमीरपुर। विकासखंड कुरारा के चंदूपुर गांव में वर्षों से चली आ रही सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीणों और छात्रों के संघर्ष का असर अब दिखाई देने लगा है। 11 अगस्त को ग्रामीणों और छात्रों ने गांव से हमीरपुर कलेक्ट्रेट तक करीब पांच किलोमीटर की तिरंगा यात्रा निकालकर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने सड़क की समस्या को लेकर जमकर नारेबाजी की और प्रशासन से सड़क निर्माण की मांग की।

 

ग्रामीणों के अनुसार, चंदूपुर गांव के बच्ची के डेरा से हमीरपुर तक करीब डेढ़ किलोमीटर की कच्ची सड़क हर वर्ष बरसात में दलदल में तब्दील हो जाती है। इससे करीब 1600 की आबादी को आवागमन में परेशानी होती है। कीचड़ भरे रास्ते के कारण बच्चों को स्कूल पहुंचने में दिक्कत होती है, जबकि बीमार और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस भी गांव तक नहीं पहुंच पाती।

 

12 अगस्त को यह मामला भाजपा नेत्री शैली के संज्ञान में आया। शैली ने छात्रों, ग्रामीणों और प्रदर्शनकारियों की समस्याएं सुनीं और जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वह हमीरपुर के छात्रों और ग्रामीणों की समस्या को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष भी रखेंगी।

 

इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर तेजी दिखाई दी। एडीएम वित्त एवं राजस्व के नेतृत्व में खनिज, पीडब्ल्यूडी और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने चंदूपुर पहुंचकर कच्ची सड़क का निरीक्षण किया। इसके बाद मार्ग को आवागमन योग्य बनाने के लिए कंक्रीट डालने का कार्य शुरू किया गया।

 

भाजपा नेत्री शैली ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा जनता की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने के लिए प्रयासरत रही है। उन्होंने कहा कि युवा, विद्यार्थियों और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए आगे भी हरसंभव प्रयास जारी रहेगा।

 

उन्होंने चंदूपुर के ग्रामीणों, छात्रों और Gen-Alpha को उनके संघर्ष तथा सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर बधाई दी। ग्रामीणों ने भी सड़क पर कार्य शुरू होने पर खुशी जताई और इसे आजादी के बाद गांव के लिए मिली बड़ी राहत बताया।

Leave a Comment