
हरिद्वार, 25 अगस्त 2026। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार तथा माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार श्री नरेंद्र दत्त के आदेशानुसार एकड़ कलां स्थित अंबेडकर भवन में 60 दिवसीय मेगा ड्राइव (Phase-I) का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल जज (एस.डी.)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार श्रीमती सिमरनजीत कौर द्वारा किया गया। इस अवसर पर ग्राम विकास अधिकारी, ए.डी.ओ., ग्राम प्रधान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत भवन में लीगल एड क्लिनिक (विधिक सहायता क्लिनिक) की स्थापना की गई। इस अवसर पर 60 दिवसीय अभियान के उद्देश्यों एवं इसके तहत किए जाने वाले कार्यों के संबंध में उपस्थित लोगों को विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं दिशा-निर्देशों से भी ग्रामीणों को अवगत कराया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती सिमरनजीत कौर ने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए तैनात पैरा लीगल वॉलिंटियर्स/अधिकार मित्रों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत ग्राम एकड़ कलां में घर-घर जाकर सर्वे किया जाएगा तथा लोगों को विधिक सहायता एवं नालसा की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

अभियान का उद्देश्य पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्तियों तक विधिक सहायता और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा आमजन को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। इस दौरान पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक सहयोग भी प्रदान किया जाएगा।






