
हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र के मोहल्ला तेलियान में एक मकान में बड़ी संख्या में बकरियां पाले जाने को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शिकायत की है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि एक व्यक्ति द्वारा घर में करीब 35 से 40 बकरियां रखी गई हैं, जो दिनभर मोहल्ले की गलियों में घूमती रहती हैं। इससे गंदगी फैलने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
(अवैध रूप से बना बकरियों का बाड़ा)
शिकायत में बताया गया है कि बकरियां सड़कों पर मल-मूत्र करती हैं,

जिससे आसपास गंदगी और दुर्गंध की स्थिति बनी रहती है। आरोप है कि बकरियां घरों के बाहर लगे पेड़-पौधों और सब्जियों को भी नुकसान पहुंचाती हैं। इसके अलावा, कुछ बकरियां मोहल्ले में खेल रहे बच्चों की ओर दौड़ती हैं, जिससे उनके चोटिल होने का खतरा बना रहता है।

शिकायतकर्ता का यह भी कहना है कि बकरियों के लगातार मिमियाने और रात के समय उनके शोर के कारण लोगों को परेशानी होती है और नींद प्रभावित होती है। पत्र में आरोप लगाया गया है कि आबादी वाले क्षेत्र एवं नगर निगम क्षेत्र में बिना आवश्यक लाइसेंस अथवा सरकारी अनुमति के इस प्रकार बड़ी संख्या में बकरियां पालने का कार्य किया जा रहा है।

इस संबंध में राजकुमारी पत्नी स्वर्गीय वेद रतन, निवासी मोहल्ला तेलियान, ज्वालापुर, हरिद्वार की ओर से दिनांक 28 जनवरी 2026 को एसडीएम हरिद्वार को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई थी। वहीं मामले को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई गई। हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायत में श्याम सुंदर प्रसाद की ओर से भी इसी समस्या का उल्लेख करते हुए संबंधित विभाग से शिकायत का निस्तारण कराने का अनुरोध किया गया है।

शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराकर नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी से निजात दिलाने की मांग की है।




