Download Our App

कांग्रेस की सरकार बनते ही अधिवक्ताओं की समस्याओं का होगा समाधान: हरक सिंह रावत।

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 

हरिद्वार, 3 अक्टूबर। उत्तराखंड विधि कांग्रेस की ओर से हरिद्वार प्रेस क्लब सभागार में अधिवक्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में अधिवक्ताओं ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत के समक्ष रखा।

अधिवक्ताओं ने अधिवक्ता सुरक्षा कानून लागू करने, नए अधिवक्ताओं को पांच वर्षों तक प्रतिमाह 5 हजार रुपये स्टाइपेंड देने, 10 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा तथा बीमा योजना लागू करने की मांग उठाई।

कांग्रेस विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट उमेश जोशी और जिलाध्यक्ष एडवोकेट राकेश राजपूत ने भाजपा सरकार पर अधिवक्ताओं की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन को कई बार समस्याओं से अवगत कराने के बावजूद अपेक्षित समाधान नहीं हुआ। महंगाई के दौर में नए अधिवक्ताओं को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, ऐसे में स्टाइपेंड की व्यवस्था उन्हें बड़ी राहत दे सकती है।

कांग्रेस सरकार बनने पर मांगें पूरी करने का दावा

सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि देश के जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकारें हैं, वहां अधिवक्ताओं की मांगों पर काम किया गया है।

हरक सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन में अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने भाजपा सरकार पर वकीलों, किसानों, शिक्षकों, मजदूरों, छात्रों और व्यापारियों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि 2027 में प्रदेश में सत्ता परिवर्तन तय है।

उन्होंने कहा कि जो लोग समाज को न्याय दिलाने का काम करते हैं, उनके साथ ही समस्याएं बनी हुई हैं। उन्होंने अंकिता भंडारी प्रकरण का भी उल्लेख करते हुए सरकार पर न्याय दिलाने में विफल रहने का आरोप लगाया।

सम्मेलन के दौरान हरक सिंह रावत ने भाजपा और चुनाव व्यवस्था को लेकर भी कई आरोप लगाए। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

इस अवसर पर कांग्रेस विधि प्रकोष्ठ के महामंत्री एडवोकेट विवेक जकारिया, कोषाध्यक्ष हेमंत राय, उपाध्यक्ष एडवोकेट गुरमीत सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता और कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रदीप जगता, कविता वैभव, राकेश चौहान, जिशान मलिक, मीनाक्षी वर्मा, विमल कुमार, दीक्षित सिंह राठौर, फुरकान अली, गगन भाटिया, मेहताब अली, रोहित कुमार, संतोष चंद्रा, सतेंद्र कुमार, फैजल अंसारी, इमरान, कुलदीप कुमार, प्रीति कश्यप, संगीता भारद्वाज और पूजा राजपूत समेत अन्य अधिवक्ता शामिल हुए।

इसके अलावा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा, महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग, पूर्व राज्यमंत्री डा. संजय पालीवाल, किरणपाल बाल्मीकि, संतोष चौहान, पूनम भगत, अशोक शर्मा, पार्षद सुनील कुमार, सोम त्यागी, मनोज सैनी, तेलूराम प्रधान, वसीम सलमानी, विकास चंद्रा, सागर बेनीवाल और मनोज धनगर सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment