
महेश कुमार सिंह कि रिपोर्ट
बहादराबाद, 5 मई 2026।
बहादराबाद टोल प्लाजा पर टोल कर्मचारियों की कथित मनमानी और अव्यवस्थाओं के विरोध में स्थानीय लोगों का गुस्सा उस समय सामने आया, जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजवीर चौहान के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन किया गया।
धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि टोल प्लाजा स्टाफ द्वारा आम लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा है। स्थानीय निवासियों ने यह भी बताया कि 15 किलोमीटर के दायरे में टोल फ्री होने की सहमति के बावजूद उनसे टैक्स वसूला जा रहा है। यहां तक कि आईडी दिखाने के बाद भी वाहन नंबर के आधार पर टोल टैक्स काट लिया जाता है।
प्रदर्शनकारियों ने एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं के लिए अलग लेन या प्राथमिक व्यवस्था न होने पर भी नाराज़गी जताई। साथ ही, टोल प्लाजा पर 15 से 20 मिनट तक लंबी कतारों में खड़े रहने की समस्या को भी प्रमुख मुद्दा बताया गया।
काफी देर तक चले इस धरने के बाद टोल प्लाजा के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। अधिकारियों ने सभी ज्वलंत मुद्दों के शीघ्र समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि भविष्य में इस प्रकार की शिकायतें नहीं आएंगी।





