
हरिद्वार। स्थायी लोक अदालत हरिद्वार के न्यायालय कक्ष में अधिवक्ताओं के लिए आयोजित दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का मंगलवार को समापन हो गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 24 अगस्त 2026 को हुआ था, जबकि 25 अगस्त को इसका समापन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थायी लोक अदालत की अध्यक्षा एवं न्यायाधीश एच.जे.एस. श्रीमती नीतू जोशी ने की।

प्रशिक्षण के दौरान उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल द्वारा जारी नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तथा स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली के संबंध में अधिवक्ताओं को विस्तार से जानकारी दी गई।
अधिवक्ताओं को बताया गया कि स्थायी लोक अदालत में पब्लिक यूटिलिटी सर्विस (लोक उपयोगी सेवाओं) से जुड़े मामलों को प्रस्तुत किया जा सकता है। इनमें यातायात सेवा, डाक, तार एवं टेलीफोन सेवा, विद्युत एवं जल आपूर्ति, लोक सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था, अस्पताल एवं औषधालय सेवाएं, बीमा, बैंकिंग, शैक्षिक संस्थान, आवास एवं भू-संपदा सेवाओं से संबंधित मामले प्रमुख रूप से शामिल हैं।
अध्यक्षा श्रीमती नीतू जोशी ने यह भी जानकारी दी कि अब स्थायी लोक अदालत में पक्षकारों के निवेदन पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से भी वाद की सुनवाई की जा सकती है। प्रशिक्षण के दौरान अधिवक्ताओं ने अपने सुझाव भी रखे, जिन पर विचार करने का आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने प्रतिभाग कर नई SOP एवं स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर स्थायी लोक अदालत की सदस्य श्रीमती सुमन सागर एवं श्री संदीप त्यागी भी उपस्थित रहे।





