Download Our App

हरिद्वार: पेंशनर्स और वरिष्ठ नागरिकों को अस्पतालों में मिलेगी प्राथमिकता, 5 बेड आरक्षित

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

महेश कुमार सिंह कि रिपोर्ट

हरिद्वार में पेंशनर्स और वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. आर. के. सिंह ने जिले के सभी अस्पतालों को निर्देश दिए हैं कि वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनर्स के निदान एवं उपचार में प्राथमिकता सुनिश्चित की जाए और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही उन्होंने प्रत्येक अस्पताल में पेंशनर्स के लिए पांच बेड आरक्षित रखने की घोषणा भी की।

 

 

सीएमओ डॉ. आर. के. सिंह यह घोषणा गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन (जीपीडब्ल्यूओ) की सम्मान सभा में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहते हुए की। यह सभा स्थानीय मेला चिकित्सालय में संगठन के अध्यक्ष बी. पी. चौहान की अध्यक्षता और महामंत्री जे. पी. चाहर के संचालन में आयोजित हुई।

 

कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ. आर. वी. सिंह, मेला चिकित्सालय के सीएमओ डॉ. राजेश कुमार, उप जिला चिकित्सालय रुड़की के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए. के. मिश्रा और वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. एस. के. सोनी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

 

इस दौरान स्वास्थ्य अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि पेंशनर्स को पंजीकरण से लेकर दवा वितरण तक सभी सेवाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएंगी। किसी भी समस्या की स्थिति में सीधे अधिकारियों से संपर्क करने की अपील भी की गई।

 

डॉ. एस. के. सोनी ने गर्मी के मौसम और बढ़ती उम्र में आंखों की समस्याओं व नेत्र रोगों से बचाव तथा उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

सभा में महामंत्री जे. पी. चाहर ने देहरादून में आठवें वेतन आयोग के साथ हुई वार्ता की जानकारी देते हुए चेतावनी दी कि यदि पेंशन पुनरीक्षण में भेदभाव हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। वहीं, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एल. सी. पाण्डेय और आर. के. जोशी ने निःशुल्क चिकित्सा और गोल्डन कार्ड की विसंगतियों पर चिंता जताई। अन्य पदाधिकारियों ने राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण का विरोध करते हुए पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग दोहराई।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पेंशनर्स ने भाग लिया। इस दौरान करीब एक दर्जन नए सदस्यों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की और सामूहिक जन्मदिन भी मनाया गया। पेंशनर्स द्वारा उपस्थित स्वास्थ्य अधिकारियों का माल्यार्पण, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। साथ ही संगठन के रजत महोत्सव की समीक्षा भी की गई।

 

कार्यक्रम का संचालन जे. पी. चाहर ने किया।

 

Leave a Comment