
प्रधान संपादक _महेश सिंह (7078323232)
हरिद्वार। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार के सभागार में गुरुवार को “न्याय प्रेरणा शिक्षक—गुरु शक्ति, न्याय शक्ति, ज्ञान से न्याय की ओर” अभियान के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार, माननीय श्री नरेंद्र दत्त ने की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि माननीय जिला जज श्री नरेंद्र दत्त ने स्कूलों, कॉलेजों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों एवं विभिन्न विभागों से आए गणमान्य व्यक्तियों एवं शिक्षकों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में समाज में गुरुजनों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बिना गुरु के ज्ञान प्राप्त करना कठिन है। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों के समग्र विकास हेतु शिक्षा और न्याय दोनों ही महत्वपूर्ण अधिकार हैं, जिन्हें शिक्षकगण अपने प्रयासों से साकार करते हैं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार, श्रीमती सिमरनजीतकौर ने विद्यालयों में स्थापित किए जा रहे बाल न्याय क्लब तथा महाविद्यालयों में संचालित लीगल एड क्लिनिक की जानकारी साझा की। उन्होंने अधिक से अधिक विद्यालयों में बाल न्याय क्लब स्थापित करने का आह्वान करते हुए सभी उपस्थित अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।






















