
महेश कुमार सिंह कि रिपोर्ट
हरिद्वार, 8 जुलाई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार द्वारा मंगलवार को कलक्ट्रेट भवन, रोशनाबाद परिसर में विधिक सहायता हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार श्री नरेन्द्र दत्त तथा जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित ने संयुक्त रूप से फीता काटकर हेल्प डेस्क का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद न्यायाधीश श्री नरेन्द्र दत्त ने कहा कि हेल्प डेस्क की स्थापना का उद्देश्य जिले के आम नागरिकों, वंचित एवं पिछड़े वर्गों, गरीब और असहाय लोगों को निशुल्क विधिक परामर्श उपलब्ध कराना तथा पात्र व्यक्तियों को निशुल्क विधिक सहायता प्रदान करना है। वहीं जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित ने कहा कि इस हेल्प डेस्क के माध्यम से सभी वर्गों के लोगों को बिना किसी भेदभाव के विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

इस अवसर पर कलक्ट्रेट परिसर में जनपद न्यायाधीश एवं जिलाधिकारी ने पौधरोपण कर वन महोत्सव सप्ताह का समापन भी किया। उल्लेखनीय है कि वन महोत्सव सप्ताह का शुभारंभ 1 जुलाई को जिला कारागार हरिद्वार में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा किया गया था, जबकि 4 जुलाई को जनपद न्यायाधीश ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण परिसर में वृक्षारोपण किया था।


कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री संदीप कुमार, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती सिमरनजीत कौर, अपर जिलाधिकारी श्री जितेन्द्र कुमार एवं श्री वैभव गुप्ता, डिप्टी एलएडीसी रमन कुमार सैनी, पैनल अधिवक्ता श्रीमती सीमा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी, लॉ इंटर्न्स, अधिकार मित्र तथा जिला कलक्ट्रेट के कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती सिमरनजीत कौर ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्तकिया।




