Download Our App

ग्राम एक्कड़ कला में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर आयोजित, ग्रामीणों को दी कानून की जानकारी..

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

हरिद्वार। स्थायी लोक अदालत हरिद्वार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में 19 सितंबर 2026 को ग्राम एक्कड़ कला स्थित पंचायत भवन में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कोर यूनिवर्सिटी रुड़की के विधि विभाग के सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती नीतू जोशी, न्यायाधीश (उच्चतर न्यायिक सेवा) एवं अध्यक्ष, स्थायी लोक अदालत हरिद्वार रहीं। उन्होंने ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं को स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली और लोक उपयोगी सेवाओं से जुड़े मामलों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

इस दौरान कोर यूनिवर्सिटी के विधि विभाग के छात्र-छात्राओं ने आमजन को कानून की सामान्य जानकारी दी। साथ ही साइबर अपराध से बचाव को लेकर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया।

डिप्टी एल.ए.डी.सी. रमन कुमार सैनी ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यों तथा नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में जानकारी दी। उन्होंने पात्र लोगों को मिलने वाली निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में भी बताया।

मुख्य अतिथि नीतू जोशी ने बताया कि स्थायी लोक अदालत में सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं से संबंधित मामलों को रखा जा सकता है। इनमें परिवहन, डाक एवं टेलीफोन, बिजली, जल, स्वच्छता, अस्पताल एवं औषधालय, बीमा और बैंकिंग जैसी सेवाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि निर्धारित सीमा तक के मामलों में स्थायी लोक अदालत के माध्यम से समाधान प्राप्त किया जा सकता है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पक्षकारों के अनुरोध पर स्थायी लोक अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से सुनवाई की सुविधा उपलब्ध है तथा ईमेल के माध्यम से भी वाद प्रस्तुत किए जा सकते हैं। शिविर में पॉक्सो एक्ट और निःशुल्क विधिक सहायता के पात्र व्यक्तियों के संबंध में भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत भवन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा स्थापित लीगल एड क्लीनिक का निरीक्षण किया गया और वहां तैनात अधिकार मित्रों के कार्यों की सराहना की गई।

कोर यूनिवर्सिटी रुड़की के विधि विभाग के डीन डॉ. जागेश्वर नाथ ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। वहीं ग्राम प्रधान कु. एकता पटेल ने कहा कि गांव में इस तरह के विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होने से ग्रामीणों को अपने अधिकारों और कानूनी समस्याओं के समाधान की जानकारी मिलती है।

कार्यक्रम में कोर यूनिवर्सिटी के विधि विभाग के डीन, प्रोफेसर, विधि छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

#Haridwar #LegalAwareness #LegalAid #PermanentLokAdalat #DLSAHaridwar #NALSA #LegalAwarenessCamp #CyberCrimeAwareness #Uttarakhand #CoreUniversity #LawStudents #Justice #LawAndOrder #UdayUttarakhandNews

Leave a Comment