
हरिद्वार। अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार की ओर से 1 अक्टूबर 2026 को वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, विधिक जागरूकता और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली एवं उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार श्री नरेन्द्र दत्त के आदेशानुसार आयोजित हुए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल जज (एसडी)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार श्रीमती सिमरनजीत कौर ने की। शिवालिक नगर स्थित होटल प्रशांत में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान एवं कल्याण से जुड़े विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों, माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, वृद्धावस्था पेंशन योजना, निःशुल्क विधिक सहायता सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही NALSA हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
वहीं, ग्राम एकक्कड़ कलां में लीगल एड क्लीनिक (LAC) विजिट के साथ स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से मेडिकल कैंप आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों एवं वरिष्ठ नागरिकों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकीय टीम ने ब्लड प्रेशर, शुगर सहित अन्य स्वास्थ्य जांच की तथा जरूरतमंदों को आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया।
इसके साथ ही लीगल एड क्लीनिक के माध्यम से ग्रामीणों की विधिक समस्याएं सुनी गईं। मौके पर मौजूद पैनल अधिवक्ताओं एवं अधिकार मित्रों (PLVs) ने लोगों को उनकी समस्याओं के संबंध में आवश्यक कानूनी सलाह और मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम (LADC) के प्रतिनिधिगण, पैनल अधिवक्तागण, स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम, चोलयिल कंपनी के अधिकारी एवं कर्मचारी, अधिकार मित्र (PLVs) सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के उपरांत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं और उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया गया।





