
▪️ खीरी सांसद ने 12107 लोकमान्य तिलक (टी)/सीतापुर एक्सप्रेस गाडी का संचालन लखीमपुर तक किये जाने की करी मांग.
✒️मो.तलहा हसन खान।✒️
लखीमपुर खीरी। ऐशबाग मैलानी रेल खंड को आमजन की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए छोटी लाइन से बड़ी लाइन में पिछले वर्षों में परिवर्तित तो कर दिया गया लेकिन लखीमपुर मैलानी जंक्शन से दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों के लिए एक भी रेलगाड़ी का संचालन नहीं किया जा सका है. बड़ी लाइन हो जाने के बाद रेल यात्रियों में काफी उत्साह था कि अब यहां से उनको दिल्ली मुंबई जैसे शहरों के लिए भी ट्रेने मिल जाया करेंगे. लेकिन 28 अगस्त 2019 के बाद से अब तक सिर्फ 3 जोड़ी रेल गाड़ियों का संचालन ही मैलानी जंक्शन से किया जा रहा है, जिसमें 2 जोड़ी रेलगाड़ियां मैलानी जंक्शन से लखनऊ जंक्शन के मध्य संचालित की जा रही है जबकि 1 जोड़ी एक्सप्रेस रेलगाड़ी का संचालन मैलानी जंक्शन से गोरखपुर के मध्य किया जा रहा है. हालांकि ऐशबाग से लखीमपुर बांकेगंज रेलवे स्टेशन तक रेल इलेक्ट्रिक लाइन पड चुकी है फिर भी ऐशबाग से लखीमपुर तक इलेक्ट्रिक इंजन से एक भी रेलगाड़ी का संचालन आरंभ नहीं हो सका है. बताते चलें कि मीटर गेज (छोटी लाइन) के समय मैलानी जंक्शन से लगभग 11 जोड़ी पैसेंजर/एक्सप्रेस रेलगाड़ियों का संचालन सफलतापूर्वक किया जा रहा था. वहीं छोटी रेल लाइन से बड़ी रेल लाइन में परिवर्तित होने के बाद रेल यात्रियों में काफी उत्साह था कि अब यहां से लंबी दूरी की रेलगाड़ियों का संचालन सफलतापूर्वक आरंभ हो सकेगा. परंतु ऐसा होता फिलहाल दिखाई नहीं दे रहा है.
बताते चले कि रेलवे ने 12107 लोकमान्य तिलक (टी) लखनऊ जं एक्सप्रेस रेल गाड़ी का संचालन सीतापुर तक करने का निर्णय लिया है. हालांकि खीरी सांसद अजय मिश्र टेनी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर मांग की है कि उक्त एक्सप्रेस गाड़ी का संचालन लखीमपुर स्टेशन से किया जाए. जिससे सीतापुर जिले के साथ-साथ लखीमपुर जिला भी सीधे मुंबई शहर से रेल के माध्यम से जुड़ जाएगा।





