Download Our App

विभाजन की विभीषिका को याद कर देश की खुशहाली और एकता की कामना…

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

विभाजन की विभीषिका को याद कर देश की खुशहाली और एकता की कामना

 

हरिद्वार। राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील सेठी के संयोजन में शुक्रवार, 14 अगस्त को श्री गुरुनानक देव जी घाट पर विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर वर्ष 1947 में भारत विभाजन के दौरान प्राण गंवाने वाले असंख्य लोगों और विस्थापित हुए लाखों परिवारों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम में ज्ञानी सोहन सिंह जी के साथ उपस्थित लोगों ने अरदास की तथा मां गंगा में पुष्प अर्पित कर विभाजन के दौरान बलिदान हुए लोगों को नमन किया। साथ ही देश की एकता, अखंडता, शांति और खुशहाली की कामना की गई।

प्रदेश अध्यक्ष सुनील सेठी ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस प्रत्येक वर्ष 14 अगस्त को 1947 के भारत विभाजन के दौरान पीड़ित लोगों के संघर्ष, पीड़ा और बलिदान को याद करने के उद्देश्य से मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि विभाजन के दौरान लाखों परिवार विस्थापित हुए और बड़ी संख्या में लोगों ने अपने प्राण गंवाए। यह इतिहास की एक ऐसी त्रासदी थी, जिसका दर्द कई पीढ़ियों ने झेला है। उन्होंने कहा कि इस दिवस का उद्देश्य समाज में एकता, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार के विभाजन और वैमनस्य की पुनरावृत्ति न हो।

इस अवसर पर राष्ट्रीय पंजाबी महासभा की ओर से वरिष्ठ पंजाबी समाजसेवी हरमोहन सिंह सहित कई सामाजिक एवं वरिष्ठ नागरिकों को पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। महासभा ने जल्द ही गंगा घाटों पर विशेष सफाई अभियान शुरू करने की घोषणा भी की।

 

वरिष्ठ पंजाबी हरमोहन सिंह एवं वरिष्ठ पंजाबी नेता हरविंद्र सिंह ने कहा कि भारत विभाजन एक बड़ी मानवीय त्रासदी थी। एक ओर देश आजादी का जश्न मना रहा था, वहीं दूसरी ओर असंख्य परिवार विस्थापन, हिंसा और अपनों को खोने का दर्द झेल रहे थे। उन्होंने कहा कि आज का दिन उन सभी लोगों को श्रद्धांजलि देने और देश की एकता-अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लेने का अवसर है।

कार्यक्रम में सतनाम सिंह, संजीव सहगल, अर्पण ग्रोवर, अजय अनेजा, लक्की अनेजा, गिरीश भाटिया, वरुण भाटिया, महिंदर सिंह, सतनाम सिंह भाटिया, उज्जवल सिंह, अमरपाल सिंह, इकबाल सिंह, हरीश भाटिया, अभिनव, लव, कुश, हेमलता सिंह, आरती अरोड़ा, प्रिया सेठी, रजनी अरोड़ा, हेमा सिंह, कुसुम अरोड़ा, राकेश अरोड़ा, राजेश सिंह, कुलदीप सिंह, हरविंद्र सिंह, अमित बजाज सहित सैकड़ों पंजाबी समाज के लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment