.
चुनाव: न्यूनतम 80 फीसद मतदान को प्रशासन ने बनाया लक्ष्य
खीरी ने ठाना है, मतदान 80 फ़ीसदी से अधिक कराना है, साथ मे कोरोना को हराना है, वैक्सीन जरूर लगवाना है।
✴️मो. तलहा हसन खान।✴️
लखीमपुर खीरी : जिला खीरी अब न्यूनतम 80 फीसद मतदान प्रतिशत को ध्यान में रख कर बढ़चढ़ कर मताधिकार का प्रयोग करेगा। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने इसके लिए लक्ष्य तय कर रणनीति बनाई है ताकि लोगों को उनके मताधिकार के लिए जागरूक किया जा सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला मजिस्ट्रेट महेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि खीरी ने ठाना है अबकी बार 80 प्रतिशत से अधिक मतदान कराना है। टैग लाइन को फोकस करना है। उन्होंने आगामी 23 फरवरी को मतदान के दिन 80 प्रतिशत से अधिक लोगों को मतदान कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। कम मतदान वाले बूथों पर स्वीप कार्यक्रम के तहत जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। सर्वाधिक महिला, दिव्यांग व नए मतदाताओं वाले 20-20 बूथों का चयन किया जा रहा है। विभिन्न प्रकार के वेबिनार आयोजन के साथ स्लोगन, पोस्टर, पेटिंग जैसी ऑनलाइन प्रतियोगिता कर लोगों को मतदान के प्रति प्रेरित किया जाएगा। डीएम ने कहा कि प्रत्येक विस के कम मतदान प्रतिशत वाले बूथों को चिन्हित किया गया है। ऐसे बूथों पर मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। वोट का महत्व और भारतीय नागरिक होने के नाते मताधिकार का प्रयोग के बारे में प्रोत्साहित किया जाएगा।
युवा समझे अपने वोट की ताकत, साथियों को भी करें जागरूक
विधान सभा निर्वाचन में खीरी में ज्यादा से ज्यादा मतदान हो, इसके लिए प्रशासन पूरे जिले में अवेयरनेस कैंपेन चला रहा है। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने युवाओं से 23 फरवरी को होने वाले मतदान में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने व अपने साथियों को भी जागरूक करने की अपील की। जिले में युवा मतदाताओं की संख्या काफी है जिनका वोट इस बार ही बना है, उन्हें अपने वोट की ताकत समझनी चाहिए। अपना मनपसंद उम्मीदवार चुने। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी ठान ले कि आज से 22 फरवरी तक जो भी परिवार का सदस्य मित्र एवं संबंधी तथा परिचित मिलेगा उसे बूथ पर जाकर मतदान के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग ने मतदान के दौरान नोटा का बटन रखा है। अगर आप के हिसाब से कोई प्रत्याशी नहीं है तो आप नोटा का बटन भी दबा सकते हैं। आप लोगों के मतदान करने से ही सिस्टम बनता है। मतदान का प्रतिशत कम रहने से अच्छा उम्मीदवार चुनकर नहीं आ पाता है।
कोविड के टीके से कोई छूटा, समझो सुरक्षा चक्र टूटा : डीएम
शतप्रतिशत टीकाकरण कराकर गांव-गली-मोहल्ले को बनाएं सेफ जोन
कोविड टीके की पहली खुराक से 02 लाख, दूसरी से 10 लाख आबादी वंचित, चिंताजनक
लखीमपुर खीरी। कोविड टीकाकरण का ग्राफ बढ़ाने के लिए प्रशासन के प्रयास जारी हैं। इसके लिए स्कूलों में शिविर लगाएं जा रहे हैं तो वहीं युवाओं के बीच कोविड टीके के प्रति जागरूकता भी पैदा की जा रही। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने युवा वर्ग से निःसंकोच टीकाकरण के लिए आगे आने की अपील की हैं। आंकड़ों के मुताबिक जिले में 91 फीसदी लोगों को कोविड के पहले टीका व 62 फीसदी लोगो को दूसरे टीके से प्रतिरक्षित किया जा चुका है।
डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि जिले की दो लाख आबादी अभी भी कोविड टीकाकरण की पहली खुराक, 10 लाख आबादी टीकाकरण की दूसरी खुराक से वंचित है। जो चिंताजनक है। उन्होंने जनपद वासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वयं के साथ ही अपने आसपास नातेदार, रिश्तेदार, पड़ोसी एवं मित्र गणों को कोविड टीके की अनुमन्य खुराक अवश्य दिलवाकर जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाए। पूरा प्रयास करें कि उनका गांव, गली, मोहल्ला, ब्लॉक, तहसील एवं जिला में कोई भी टीकाकरण से वंचित ना रहे। शत प्रतिशत टीकाकरण कराकर उसे सेफ जोन बनाए। उन्होंने कहा कि फील्ड में स्वास्थ्य विभाग के सिपाही पूरी तन्मयता से बिना अपने जीवन की परवाह टीकाकरण अभियान में जुटे हैं। इसलिए सभी जनपद वासी अनुमन्य टीके की खुराक अवश्य ले।





